फतेहपुर।मंगेतर संग घूमने गई युवती से दुष्कर्म और सामूहिक छेड़खानी के प्रयास के मामले में मंगलवार शाम प्रयागराज आईजी अजय मिश्रा ने वांछित भाजपा नेता बबलू सिंह की तलाश के लिए इनाम की राशि 25,000 से बढ़ाकर 50,000 रुपये कर दी है। आरोपी की तलाश में सात टीम गठित की गई है। आरोपी की तलाश में सहयोग न करने पर कस्बा प्रभारी अनीश सिंह को निलंबित किया गया है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया दुष्कर्म पीड़िता की शिकायत न दर्ज करने पर खागा कोतवाल रमेश कुमार पटेल को लाइन हाजिर किया गया था। जांच में उनकी भूमिका पाए जाने पर निलंबित कर दिया गया है। वहीं खागा कस्बा प्रभारी अनीश सिंह को आरोपी की गिरफ्तारी में सार्थक प्रयास नहीं करने पर निलंबित किया गया है।
वांछित 50 हजार के इनामी बीजेपी कार्यकर्ता बबलू सिंह की तलाश में पुलिस टीमें हांफ गई हैं। पुलिस, उसके करीबी नेताओं की चौखट से लेकर पड़ोसी जिलों की खाक छान रही है। उसका मोबाइल 26 अप्रैल की शाम से बंद है। इस वजह से भी पुलिस को उसका सुराग नहीं लग पा रहा है।
खागा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती 24 अप्रैल को मंगेतर के साथ घूमने गई थी जहां उसके साथ खागा गढ़ी मोहल्ले के युवराज सिंह, ललित सिंह और बीजेपी कार्यकर्ता बबलू सिंह ने हैवानियत की थी। आरोप है कि युवराज सिंह ने दुष्कर्म किया था। ललित और बबलू ने सामूहिक छेड़खानी की थी। एसपी से 26 अप्रैल को शिकायत के बाद युवती की प्राथमिकी दर्ज की गई। लापरवाही पर कोतवाल आरके पटेल को लाइन हाजिर किया गया था। जांच में संलिप्तता पाए जाने पर कोतवाल को निलंबित कर दिया गया। आरोपी युवराज सिंह और ललित को पुलिस जेल भेज चुकी है। प्राथमिकी दर्ज होने की भनक लगते ही आरोपी बबलू सिंह भाग निकला। मंगलवार को बबलू पर 50 हजार का इनाम घोषित कर दिया गया है। उस पर कई राजनेताओं के संरक्षण की बात सामने आई है। पुलिस उसे दबोचने के लिए नेताओं की कोठी के चक्कर भी काट रही है। पुलिस ने बबलू के करीबी स्कार्पियो वाले एक नेता से कई घंटे पूछताछ की। उसके बताए संभावित स्थानों पर दबिश भी दी, पर वह हत्थे नहीं चढ़ा।
जांच में सामने आया कि इस घटनाक्रम के बाद बबलू के मोबाइल से कोतवाली में तैनात एक दरोगा से लगातार बातचीत होती रही है। तलाश में जुटी टीमों का मानना है कि दरोगा चाह लेता तो बबलू पकड़ लिया जाता। उसकी हीलाहवाली की वजह से बबलू दूर निकल गया। पुलिस को बबलू की अंतिम लोकेशन प्रयागराज मिली है। पुलिस की गठित सात टीमें प्रयागराज, कौशांबी, बांदा, चित्रकूट को रवाना हुई हैं। एएसपी जीपी राय ने बताया कि टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं। जल्द ही उसे पकड़ा जाएगा।