ललौली। थाना क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर युवती से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। विवेचना में युवती के पांच माह के गर्भवती होने की बात सामने आई है। पुलिस ने युवती का मेडिकल कराया है।
पीड़िता की मां ने पुलिस को दी तहरीर दी है। इसमें बताया कि पांच अगस्त को वह रिश्तेदारी गई थीं और पति मजदूरी के लिए बाहर थे। इसी दौरान गांव के एक युवक ने घर में घुसकर बेटी से दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। भय के कारण युवती चुप रही। जब पेट बढ़ने लगा तो परिजनों के पूछने पर उसने पूरी घटना बताई।
21 फरवरी को परिजन शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंचे। यहां आरोपी के परिजन ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी एसबी सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर युवक की तलाश की जा रही है।