सुबह जल्दी खाना न बनाने पर लगाई थी डांट
पति से झगड़ा होने के बाद चली गई थी कमरे में
फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के सरौली गांव में शनिवार को पति से झगड़कर युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। युवती को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां पर डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सरौली गांव निवासी राजेंद्र सिंह की नौ साल पहले खागा कोतवाली क्षेत्र के बुदवन गांव निवासी भगत की पुत्री प्रेमा (26) के साथ शादी हुई थी। इस दौरान युवती ने चार बच्चों को जन्म दिया। शनिवार को सुबह राजेंद्र को अपने खलिहान में गेहूं की कतराई कराने के लिए जाना था, लेकिन पत्नी ने सुबह खाना नहीं पकाया। इसी बात पर राजेंद्र पत्नी को डांटने लगा, तभी युवती पति से झगड़ पड़ी। पति ने पत्नी को धक्का दे दिया, तो वह घर के भीतर अपने कमरे में चली गई। कमरे के भीतर जाकर युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर मामले की परिजनों को जानकारी हो पाई। परिजन युवती को जिला अस्पताल लाए, जहां पर डाक्टर नलनीश पांडेय ने मृत घोषित कर दिया।
इनसेट
पिता ने डांटा तो पी ली डाई
बिंदकी-फतेहपुर। खाना न पकाने पर पिता ने किशोरी को डांटा तो उसने डाई पी ली। उसे परिजन सीएचसी लाए हैं। यहां पर हालत नाजुक बताई जाती है। कोतवाली क्षेत्र के हरदौली गांव निवासी अशोक कुमार की पुत्री पूजा (18) ने शनिवार को दोपहर खाना नहीं बनाया था। बकौल अशोक कुमार वह जब खेत से घर आए और खाना मांगा तो पुत्री ने कहा कि उसने नहीं बनाया है। इस पर उन्होंने उसे डांट दिया और वापस खेत चले गए। उन्हें दो घंटे बाद पड़ोसी ने आकर बेटी के कुछ खा लेने की जानकारी दी। वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर आए तो डाई पीने की जानकारी हुई।