अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। स्थानीय भाजपाइयों की सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में जनसभा की संस्तुति को आलाकमान ने नकार दिया। जवाब-तलब हुआ कि कद के मुताबिक मैदान छोटा क्यों चुना गया। भीड़ जुटाने पर भी सवाल उठे। अंतत: आलाकमान ने नई जगह तेलियानी ब्लाक के सामने मैदान को फाइनल कर दिया। हालांकि ‘अमर उजाला’ ने अपने 18 नवंबर के अंक में इस जगह को प्रस्तावित स्थल बताया था।
सीएम योगी आदित्यनाथ की 24 नवंबर को प्रस्तावित चुनावी जनसभा सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में होने की जानकारी भाजपा की स्थानीय इकाई ने दी थी। एकाएक सभास्थल बदल जाने से भाजपा के थिंकटैंक पर सवाल खड़े हो गए हैं। पार्टी सूत्रों की मानें तो स्थल चयन को लेकर आलाकमान ने नाराजगी भी जताई।
यह पूछ लिया गया कि भीड़ न जुटा पाना तो वजह नहीं है। हालांकि पार्टी के जवाबदेह अब हेलीकाप्टर से सभास्थल की दूरी को लेकर स्थान बदले जाने का तर्क दे रहे हैं। जिले मेें पहली बार कोई सीएम निकाय चुनाव की जनसभा करने आ रहे हैं। भाजपा के स्थानीय संगठन को जनसभा स्थल का चयन करने का जिम्मा दिया गया था। इस पर तेलियानी ब्लाक के सामने वाला मैदान, लोधीगंज का मैदान और एआरटीओ दफ्तर के पास वाले मैदान को वरीयता में रखा गया था। बाद में इन बड़े मैदानोें पर विचार न करते हुए पार्टी के थिंकटैंक ने सरस्वती विद्या मंदिर के मैदान चुन लिया गया, जबकि सीएम के हेलीपैड के लिए तेलियानी ब्लाक के सामने वाला मैदान चुना गया था।
योगी की कद काठी के मुताबिक जनसभा स्थल न चुने जाने को लेकर तरह-तरह के सवाल उठने लगे थे। खुद भाजपाई तरह तरह की बातें कर रहे थे। उनका कहना था कि छोटे ग्राउंड में जनसभा कराने का कोई औचित्य नहीं है। इससे स्थानीय संगठन की नाकामी झलकती है। इस कदम को भीड़ जुटाने से बचने का भी नाम दिया।
सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय से कार्यक्रम प्रभारी डॉ. राकेश त्रिवेदी की ओर से योगी का कार्यक्रम जारी कर दिया गया। जिसमें 11 बजे हेलीकाप्टर से सीएम के आगमन और 40 मिनट बाद लौटने का जिक्र है। इस बाबत जिलाध्यक्ष दिनेश बाजपेई का तर्क कुछ और कहता है। उनका कहना है कि हेलीपैड से जनसभा स्थल की दूरी ज्यादा होने और 20 से 25 हजार की भीड़ जुटने की संभावना की वजह से स्थान परिवर्तित किया गया है।
अब तेलियानी में होगी योगी की सभा
मैदान छोटा बता स्थानीय भाजपाइयों की संस्तुति को आलाकमान ने नकारा
प्रशासन के पास आया मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम