फतेहपुर। फसल बीमा योजना से जिले के 2,735 किसानों को रबी 2024-25 सत्र में फसल क्षति की भरपाई के रूप में 84.06 लाख रुपये की अंतिम किस्त का भुगतान किया गया। यह राशि 12 जुलाई से सीधे किसानों के बैंक खातों में स्थानांतरित की गई है। सभी किसानों तक ये राशि पहुंच चुकी है।
इससे पहले खरीफ 2024 में 4,597 कृषकों को 148.90 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति प्रदान की जा चुकी है। इस प्रकार वित्तीय वर्ष 2024-25 में किसानों को 100 प्रतिशत क्षतिपूर्ति का भुगतान किया जा चुका है। उप कृषि निदेशक सत्येन्द्र सिंह ने बताया कि प्राकृतिक आपदाओं से फसल की सुरक्षा के लिए फसल बीमा योजना का लाभ उठाएं। 31 जुलाई तक आवेदन करें।
ऐसे मिलता है लाभ-
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से धान, बाजरा, ज्वार, उर्द, मूंग, तिल व अरहर जैसी अधिसूचित फसलों की क्षति या असफल बुवाई, प्राकृतिक आपदाएं, रोग, कीटों का प्रकोप, ओलावृष्टि, जलभराव, बादल फटना, बिजली गिरना, चक्रवात से हुए नुकसान पर बीमा का प्रावधान है। कटाई के बाद 14 दिनों तक खेत में सूखने के लिए रखी फसल को नुकसान पहुंचने की स्थिति में भी क्षतिपूर्ति दी जाती है।