फोटो-33-सुजरही पूर्वी बाईपास के पास एक बंद ढाबे में रखा 300 बोरी सिलिका सैंड। संवाद
खागा। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर सुजरही पूर्वी बाईपास के पास एक बंद ढाबे में सिलिका सैंड की 300 बोरियां उतारकर चालक ट्रक लेकर भाग निकला। 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी बोरियों को लेने कोई नहीं पहुंचा तो लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद बिक्री कर विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
ग्रामीणों ने बताया कि चालक ने शुक्रवार शाम मजदूरों से बोरियां उतरवाई थीं। इनमें सिलिका सैंड भरा है, जिसका इस्तेमाल कांच और चूड़ियां बनाने में होता है। बोरियों को तिरपाल से ढक दिया गया था। चालक के जाने के बाद उन्हें लेने कोई नहीं पहुंचा।
बोरियों में लाखों रुपये की सामग्री होने की चर्चा पर पुलिस ने बिक्री कर विभाग को सूचना दी। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि बोरियों में सिलिका सैंड भरा है और विभाग की टीम ने मौके पर इसकी जांच की है।
बिक्री कर विभाग के सचल दल के एसपीओ शिवशरण लाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। ट्रक मालिक का पता लगाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।