जाफरगंज। नशे में हुए विवाद के दौरान कैलाश (45) की पिटाई से मौत के मामले में ई-रिक्शा का विवाद सामने आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर और शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। मौत का कारण स्पष्ट न होने पर डॉक्टर ने विसरा सुरक्षित किया है।
थाना क्षेत्र के श्यामपुर गांव निवासी कैलाश शुक्रवार शाम अपने दरवाजे पर बैठा था। पत्नी इच्छा और बेटियां दुर्गा पंडाल गई थीं। आरोप है कि नशेबाजी को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने कैलाश को लाठी-डंडों से पीटा था। परिजन को घटना की जानकारी शनिवार सुबह हुई। इलाज के दौरान कानपुर के हैलट अस्पताल में कैलाश की मौत हो गई।
परिजन ने बताया कि विवाद की वजह गुजरात के सूरत में नौकरी करने वाले बेटे रवि का ई-रिक्शा था। रवि ने लोन लेकर ई-रिक्शा खरीदा था, जिसकी एक-दो किस्तें बाकी थीं। आरोप है कि परिवार के लोग ई-रिक्शा चलवाना चाहते थे, लेकिन कैलाश ने मना कर दिया था। ग्रामीणों के मुताबिक, इसी बात को लेकर रंजिश चल रही थी।
सीओ अवनीश कुमार राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। डॉक्टर ने विसरा सुरक्षित किया है।
फाइल फोटो-46-कैलाश। स्रोत: परिजन