फतेहपुर। साइबर ठगों ने एपीके फाइल डाउनलोड करा एक व्यक्ति के खाते से 2.94 लाख रुपये पार कर दिए। पीड़ित की शिकायत पर मंगलवार को पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
शहर के आवास विकास निवासी रामसजीवन का एक बैंक शाखा में बचत खाता है। उन्होंने बताया कि 18 अप्रैल को मोबाइल पर कॉल आई। इसमें कॉलर ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर ऑनलाइन बैंकिंग एप डाउनलोड करने के लिए कहा। इसके बाद व्हाट्सएप पर एपीके फाइल भेजी गई जिसे उन्होंने डाउनलोड कर लिया। आरोप है कि ठग ने बातों में उलझाकर उनसे लॉगिन आईडी और पासवर्ड भी ले लिया।
कुछ देर बाद खाते से नौ बार में कुल 2,94,013.20 रुपये निकाल लिए गए। बैंक से मैसेज मिलने पर उन्हें ठगी का पता चला। पुलिस जांच में एपीके फाइल डाउनलोड कराने के बाद ठगी की बात सामने आई है। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि आईटी एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। साइबर सेल की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की जा रही है।