फतेहपुर। सऊदी में रहने वाले युवक का वीजा खत्म होने का झांसा देकर दोस्त से दो लाख 40 हजार रुपये की ठगी कर ली। कोर्ट के आदेश पर गुरुवार को पुलिस ने दो ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
हथगाम थाना क्षेत्र के आंबी निवासी राजकुमार ने बताया कि फेसबुक पर आठ नवंबर 2024 को मैसेज आया। मैसेज सऊदी में काम करने वाले पड़ोस में रहने वाले मित्र कमलेश का है। उसने बोला कि वीजा खत्म हो गया है, उसका वीजा लगना है। उसने दो लाख 40 हजार रुपये मांगे। व्हाट्सएप पर अपने खाते का विवरण भेजा। एक खाता वरुण कुमार और दूसरा खाता मो. दानिश का था। उसने कमलेश से बातचीत की कोशिश की। कोई बात नहीं हो सकी। वह उस पर रुपये डालने का दबाव बनाने लगा। कहा कि वीजा न मिलने पर उसे नौकरी से निकाल दिया जाएगा। उसने इटैली निवासी मनीष तिवारी ग्राहक सेवा केंद्र संचालक के माध्यम से शाम को दो लाख 40 हजार रुपये खाते में डलवा दिए। वह शाम को घर आने के बाद कमलेश के भाई निर्मल से मिला। उसे पूरी बात बताई। निर्मल ने बताया कि उनके पास मित्र पवन का फोन आया था। उससे भी इसी तरह से रुपये मांगा जा रहा था। भाई को रुपये की कोई जरूरत नहीं है। भाई की आईडी हैक कर धोखाधड़ी का शिकार बनाया गया है। पुलिस के सुनवाई न करने पर राजकुमार ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर हथगाम पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।