महोबा। अलग-अलग स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में दंपती समेत 21 लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चार लोगों की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
कोतवाली क्षेत्र के डहर्रा गांव निवासी उदयभान (40) मंगलवार की दोपहर बाइक से पत्नी पूजा (35) व बेटी अनन्या (10) के साथ घर जा रहा था। रास्ते में वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक सवार तीनों गिरकर घायल हो गए। वहीं थाना श्रीनगर के सिजरिया गांव निवासी अर्जुन (27) सोमवार रात बाइक से घर जा रहा था। रास्ते में अन्ना मवेशी को बचाने में बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इससे वह घायल हो गया।
इसी तरह कनकुआं निवासी लक्ष्मीशंकर, बिलखी निवासी विवेक, गौरीहार निवासी राजकुमार, रमपुरा कदीम निवासी अमित, आलमपुरा निवासी आलोक, चरखारी निवासी गोविंददास, सलुआ निवासी सुनील, पवा निवासी राजेंद्र, श्रीनगर निवासी फूलचंद्र, उसकी पत्नी इशा, बारीगढ़ निवासी करिश्मा, गंज निवासी नाथू, भरवारा निवासी रविंद्र, उसकी पत्नी रेखा, भरुआ सुमेरपुर निवासी विनीता, उसकी बेटी अक्षिता और बेटा यश अन्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल हो गए।