अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर।
नगर पालिका परिषद के एक सफाई निरीक्षक ने डीएम कुमार प्रशांत का आदेश नहीं माना। भारत स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक में बुलाने के बाद भी वह नहीं पहुंचा, जबकि उसने आदेश लिखित रूप में रिसीव भी कर लिया था। इससे खफा डीएम ने नगर पालिका ईओ से पत्रावली तलब की है। माना जा रहा है कि सफाई निरीक्षक पर गाज गिर सकती है।
नगर पालिका परिषद में सफाई निरीक्षक राजीव सिंह 2009 से कार्यरत है। ड्यूटी न करने के आरोप में उनका वेतन भी रोका जा चुका है। हालांकि बाद में कोर्ट के आदेश से नगर पालिका को वेतन जारी करना पड़ा। शुक्रवार को डीएम ने स्वच्छता अभियान की समीक्षा के लिए नगर पालिका ईओ रश्मि भारती को बुलाया था।
सफाई व्यवस्था और सफाई निरीक्षकों की स्थिति पर चर्चा की गई। सफाई निरीक्षक राजीव सिंह की कार्यशैली जानने के बाद डीएम ने तत्काल लिखित रूप से पत्र जारी कराकर राजीव को तलब किया। निरीक्षक ने पत्र रिसीव तो किय, लेकिन डीएम के सामने नहीं पहुंचा। डीएम ने संबंधित सफाई निरीक्षक की पत्रावली तलब की है।
ईओ ने बताया कि डीएम के पास निरीक्षक की पत्रावली भेज दी गई है। अब जो भी निर्णय होगा, वहीं से होगा।
सफाई निरीक्षक ने नहीं माना डीएम का आदेश
डीएम ने पत्रावली तलब की, कार्रवाई की लटकी तलवार