शहर में बिजली संकट कम होने का नाम नहीं ले रहा है। रोस्टिंग और फाल्ट न सिर्फ उपभोक्ताओं के लिए समस्या पैदा किए है बल्कि बिजली कर्मियों के लिए सिरदर्द बना हुआ है। हरिहरगंज उपकेंद्र के अंतर्गत पचास नंबर गेट के समीप फाल्ट होने से उपभोक्ताओं को बिजली संकट से जूझना पड़ा। इसी प्रकार आबूनगर और मुराइनटोला उपकेंद्र के अंतर्गत फाल्ट के चलते आपूर्ति प्रभावित रही।
इन दिनों बिजली की जबरदस्त कटौती जारी है। 24 घंटे में 14 से 18 घंटे की हो रही जबरदस्त कटौती से हर तरफ हाय तौबा मची है। उमस भरी गर्मी में अधाधुंध कटौती से उपभोक्ता बेहाल हैं। हरिहरगंज विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत पचास नंबर गेट के समीप फाल्ट ढूंढने में बिजली विभाग को पसीना छूट गया। पचास नंबर गेट के पास अंडर ग्राउंड केबिल में फाल्ट आ जाने से हरिहरगंज, कलक्टरगंज, नप्पी का हाता समेत एक दर्जन इलाकों की विद्युत आपूर्ति ठप चल रही है।
मंगलवार को लखनऊ कार्यालय से आई फाल्ट डिटेक्टर मशीन ने अंडर ग्राउंड केबिल में फाल्ट ढूंढा था। बुधवार को एसडीओ अजीत यादव इंजीनियरों की टीम के साथ दिनभर फाल्ट ठीक कराते रहे। इसके चलते क्षेत्रों में आपूर्ति ठप रही। हालांकि दूसरे उपकेंद्रों से बिजली दी गई। एसडीओ ने बताया कि फाल्ट ठीक हो गई आपूर्ति चालू कर दी गई है।
रातभर गुल रही बत्ती, पब्लिक परेशान- फतेहपुर। शहर के शांतीनगर, ज्वालागंज, पीरनपुर, मुराइनटोला इलाके में रात नौ बजे बत्ती गुल हो गई, जो करीब डेढ़ बजे आपूर्ति शुरू हुई। करीब आधा घंटे बाद बत्ती फिर गुल हो गई जो भोर पांच बजे आई। इस प्रकार रातभर बिजली गुल रहने से उपभोक्ताओं को जागकर रात काटनी पड़ी। सुबह फिर आपूर्ति ठप कर दी गई, जिससे पेयजल संकट गहरा गया। बिजली पानी संकट होने से लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई। दोपहर में चार घंटे बत्ती गुल रहने से लोग उमस भरी गर्मी में बेहाल रहे। अधीक्षण अभियंता आरएन सिंह ने बताया कि विद्युत फाल्ट ठीक कराया जा रहा है। जिन इलाकों में दिक्कत है, वहां दूसरे उपकेंद्रों से काटकर आपूर्ति की जा रही है।
स्पेलर चक्की बंद, इलेक्ट्रानिक बाजार को झटका- फतेहपुर। इन दिनों बिजली कटौती ने व्यापारियों की कमर तोड़ दी है। दस से चौदह घंटे की कटौती से व्यापारियों का व्यापार चौपट हो रहा है। धरना प्रदर्शन और ज्ञापन के बाद भी आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है।
कलक्टरगंज में वीनस इलेक्ट्रानिक के प्रोपराइटर अंजुम कहते हैं कि दोपहर और शाम को जिस समय ग्राहक आते हैं, उस समय बत्ती गुल रहती है, जिससे दिक्कत होती है। बिना बिजली के इलेक्ट्रानिक आइटम नहीं चल पाते। इसी प्रकार जगन्नाथ एंड संस, विकास टीवी, ओमर इलेक्ट्रानिक के मालिक ों ने बिजली की समस्या बताई। आबूनगर में स्पेलर चक्की के मालिक सुरेश चंद्र शर्मा ने बताया कि बिजली नियमित न आने से तेल की पेराई और गेहूं की पिसाई का काम ठप चल रहा है। इसके अलावा बिजली किल्लत से प्रिटिंग प्रेस, कंप्यूटर जाब वर्क आदि कार्य भी प्रभावित हुए हैं।
एमडी इलाहाबाद मंडल ने दिया अल्टीमेटम- फतेहपुर। बिजली विभाग में राजस्व वसूली कम होने से नाराज इलाहाबाद के एमडी एके सिंह ने जिले के विद्युत अफसरों को तलब कर लिया है। जिले से अधीक्षण अभियंता आरएन सिंह, अधिशासी अभियंता प्रथम आरडब्लू पॉल, अधिशासी अभियंता द्वितीय सरोज कुमार, एसडीओ सदर अजीत यादव, एसडीओ राधानगर नितिन जायसवाल इलाहाबाद मंडल की मीटिंग में पहुंचे। यहां एमडी ने कम राजस्व वसूली पर नाराजगी जताई और लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने छापेमारी तेज करने और कटियाबाजों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।