फतेहपुर। लोक निर्माण विभाग व निर्माण खंड-दो की ओर से 35.22 किलोमीटर लंबी 14 जर्जर सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए करीब 16 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। दोनों अनुभागों में टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इनमें प्रांतीय खंड के नौ और निर्माण खंड-दो के पांच मार्ग शामिल हैं।
पीडब्ल्यूडी के करीब 23 किलोमीटर लंबे नौ मार्गों का निर्माण 8.96 करोड़ से कराया जाएगा। इनमें जीटी रोड से गोपालनगर उत्तरी तक शेष मार्ग का नवनिर्माण, मीरपुर कुरस्ती पंचायत भवन से अल्लीपुर संपर्क मार्ग, दीवान का पुरवा नहर से करसवां, मोहनखेड़ा संपर्क मार्ग, फतेहपुर-जोनिहा मार्ग पर ठकुराइनपुर संपर्क मार्ग, बरैचा से चिरईपुर संपर्क मार्ग शामिल हैं।
इसी तरह टेसाही खुर्द से सिठियानी के मध्य शेष भाग, सरौली मार्ग से पहोरा मार्ग, करारी रजबहा मार्ग से दामोदरपुर, खटिकाना संपर्क मार्ग व गढ़ा कोट मार्ग को शामिल किया गया है। पीडब्ल्यूडी एक्सईएन एके शील ने बताया कि जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।