फतेहपुर। फैनी तूफान से शुष्क हुए मौसम ने रविवार को फिर से प्रचंड रूप धारण करना शुरू कर दिया है। मतदान के दिन सोमवार को वोट प्रतिशत बढ़ाने की चुनौती झुलसाने वाली गर्मी से होगी। मौसम विभाग के अनुसार सुबह से ही धूप का तेज असर होगा और दोपहर में पारा 42 डिग्री तक पहुंच सकता है। ऐसे में मतदाताओं को धूप व गर्मी से भी मुकाबला करना पड़ेगा। बचाव के लिए सिर में कपड़ा डालकर रखना जरूरी होगा और पानी की मात्रा शरीर में कम न हो, इसका भी ध्यान रखना होगा। मजबूत लोकतंत्र के लिए गर्मी चाहे जितनी हो, मतदान जरूर करेंगे। इसका संकल्प भी लेना होगा।
फैनी तूफान की वजह से पारा 43 से लुढ़क कर 38 डिग्री पर पहुंच गया था। दो दिन मौसम भी शुष्क रहा। अप्रैल के अंतिम सप्ताह मेें पारा ने 43 डिग्री पर पहुंचकर लोगों को झुलसा दिया था। एक बार फिर रविवार से पारा बढ़ने लगा है। रविवार को बीच-बीच में आसमान में हल्के बादल रहने व धूल भरी हवा चलने के बावजूद अधिकतम पारा 39 डिग्री रिकार्ड किया गया। तेज धूप जितनी देर रही, तपन का असर दिखाया। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम पारा 42 डिग्री रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अनिरुद्ध दुबे ने बताया कि सोमवार को सुबह से तेज धूप निकलेगी। जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, धूप का असर भी बढ़ेगा।