फतेहपुर। कोर्ट मैरिज के 13 दिन बाद ही ससुरालियों ने बहू को पीटकर घर से निकाल दिया। ससुरालियों ने कोर्ट मैरिज को मानने से इन्कार कर दिया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत पांच ससुरालियों पर शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की है।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के फरीदाबाद टिकरी गांव निवासी रिंकी ने पुलिस को बताया कि असोथर थाना क्षेत्र के अंदीपुर गांव निवासी कमलचंद्र उर्फ मिंटू से करीब एक साल पहले शादी तय हुई थी। उसने और कमलचंद्र ने 17 जनवरी 2026 कोर्ट मैरिज कर ली।
शादी के बाद ससुरालीजन दहेज में कार और 50 हजार की मांग करने लगे। ससुरालीजन का कहना है कि बिना दहेज के कोर्ट मैरिज जैसी शादी को नहीं स्वीकार करेंगे। इस पर उसे पीटकर शुक्रवार को घर से निकाल दिया। थानाध्यक्ष धीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि पति कमलचंद्र, जेठ पिंटू, जेठानी विमला, ननद ममता और नीलम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।