फतेहपुर। पुलिस अधिकारी बनकर लोगों के खातों से रकम उड़ाने के मामले में पुलिस की गिरफ्त से दूर चल रहे 12 साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। करीब दो माह से वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर विवेचक ने कोर्ट में उनके खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी करने की अर्जी दाखिल की है।
साइबर थाना पुलिस ने 24 नवंबर को गाजीपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में छापा मारकर इस गिरोह का खुलासा किया था। इसमें 16 आरोपियों के खिलाफ साइबर अपराध की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अब तक गांव निवासी त्रिभुवन उर्फ रामसनेही, जितेंद्र सिंह और थरियांव थाना क्षेत्र के मीरपुर गांव निवासी राहुल सिंह व पूर्व प्रधान जितेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है।
वहीं सुग्गा सिंह, सोनू सिंह, देवनरायण सिंह, अनुज सिंह, मनोज सिंह, कुलदीप सिंह, शिवम सिंह, दीपक सिंह, अखिलेश उर्फ भूरा सिंह, सोनू सिंह, शानू सिंह और कानपुर देहात के रनियां थाना क्षेत्र के फत्तेपुर निवासी शिवम सिंह अब भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई बार दबिश दी लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी।
लगातार गिरफ्तारी न होने और आरोपियों के कोर्ट में हाजिर न होने पर साइबर थाना पुलिस ने गैरजमानती वारंट की अर्जी दाखिल की है। साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि जल्द ही कोर्ट से वारंट प्राप्त कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जाएगी।