फतेहपुर। जिले में ईंट-भट्ठों की राॅयल्टी व्यवस्था की समीक्षा के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। डीएम रविंद्र सिंह और एडीएम अविनाश त्रिपाठी ने खनिज विभाग से रिपोर्ट तलब की तो पता चला कि 110 ईंट-भट्ठा संचालकों ने अब तक एडवांस राॅयल्टी जमा नहीं की है। प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही मान कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
गौरतलब है कि इस बार ईंट-भट्ठा संचालकों को वार्षिक राॅयल्टी एडवांस में जमा करनी थी। अब तक 220 भट्ठा संचालकों ने 2.86 करोड़ रुपये राजस्व के रूप में जमा किए हैं लेकिन 110 संचालकों ने नियमों का पालन नहीं किया है।
डीएम ने चेतावनी दी कि यदि ये संचालक 30 नवंबर तक राॅयल्टी जमा नहीं करते तो उनके भट्ठों पर ईंट पथाई का कार्य तुरंत रोक दिया जाए। अधिकारी ने विभागीय कर्मियों को निर्देशित किया कि ऐसे सभी संचालकों को नोटिस देकर समय सीमा के भीतर राॅयल्टी जमा कराने की कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए।
प्रशासन का कहना है कि रायल्टी वसूली में ढिलाई किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और तय समय सीमा के बाद सीधे कार्रवाई की जाएगी।