फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र में मारपीट के दौरान मां की गोद से छिटककर गिरी 10 माह की बच्ची की मौत हो गई। जानकारी पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ऐलई गांव निवासी संत कुमार की पत्नी रूपा देवी अपनी 10 माह की पुत्री राधिका के साथ कुछ दिन पहले मायके कटोघन गई थी। सोमवार को रूपा के भाई करन का पड़ोस के एक युवक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई।
बताया गया कि बीच-बचाव के लिए रूपा देवी अपनी बेटी राधिका को गोद में लेकर मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान हुई धक्का-मुक्की में बच्ची मां की गोद से छिटककर जमीन पर गिर गई। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
बच्ची के बाबा सुभाष चंद्र ने बताया कि मामले की तहरीर पुलिस को दे दी गई है। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।