फोटो-14, सुशील चतुर्वेदी का फाइल फोटो।
नवाबगंज। मेडिकल स्टोर से दवा लेकर लौट रहे युवक की ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ने वाहन भगाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ दूर जाकर ट्रैक्टर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। चालक मौके से भाग गया।
थाना क्षेत्र के गांव फतनपुर निवासी सुशील कुमार चतुर्वेदी (45) रविवार दोपहर एक बजे पड़ोसी गांव उमरपुर स्थित मेडिकल स्टोर से दवा लेकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। गांव त्यौरी और फतनपुर के बीच उनकी बाइक आगे चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। सुशील सड़क पर जा गिरे। सिर में गंभीर चोट आने पर मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस भी मौके पर पहुंची। सुशील अपने पीछे पत्नी पूजा, पुत्र गुलशन (23), पुत्री मुस्कान (20) और सबसे छोटे पुत्र अर्जुन (10) को छोड़ गए। पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी पूजा बदहवास हो गईं। वहीं मां शरण देवी का भी रो-रोकर बुरा हाल है। सुशील कुमार के पिता का काफी समय पहले निधन हो चुका है। वह पांच भाइयों में चौथे नंबर पर थे। सुशील दिल्ली में निजी नौकरी करते थे। वह चार दिन पूर्व ही घर आए थे।