नवाबगंज। थाना क्षेत्र के नगला धोबियान निवासी लापता युवक का शव दो दिन बाद धान के खेत में गुरुवार को मिला। उसके सिर पर वजनदार चीज से वार कर हत्या की गई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पत्नी ने साइकिल के विवाद में हत्या की आशंका जताई है।
थाना क्षेत्र के गांव नगला धोबियान निवासी राजेश वर्मा (30) पुत्र भारत सिंह मंगलवार की रात करीब 11 बजे शौच के लिए निकला था। काफी देर तक न लौटने पर पत्नी ने परिजनों को सूचना दी तो लोगों ने ढूंढने का प्रयास किया।
गुरुवार की तड़के राजेश का शव गांव के ही शीशराम के धान के खेत में उसका पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम सूत्रों के अनुसार राजेश की सिर पर वजनदार वस्तु से वार कर हत्या की गई।
परिवार के लोगों का कहना था कि तीन दिन पहले पास के ही रहने वालों से साइकिल मांगने को लेकर विवाद हो गया था। पत्नी ने उन लोगों पर हत्या का शक जाहिर किया है। मृतक के तीन लड़के और एक लड़की है। उधर, एसओ मोहम्मद मुस्लिम खां ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर लिया जाएगा।