कमालगंज। बच्चों के विवाद में दो सगे भाइयों में मारपीट मरपीट हो गई। सूचना पर यूपी 112 पुलिस दोनों भाइयों को पकड़ कर थाने ले आई। थाने के कार्यालय में बैठा युवक अचानक भाग निकला।
थाना क्षेत्र के गांव गांधी नगर भटपुरा निवासी सर्वेश व उसके भाई वीरपाल के बच्चों के बीच खेल-खेल में रविवार को विवाद हो गया। बच्चों की शिकायत पर सर्वेश व वीरपाल में गाली-गलौज के साथ मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची यूपी 112 पुलिस दोनों को पकड़कर थाने ले आई। सर्वेश व वीरपाल को थाने के कार्यालय में बिठाया गया। सर्वेश मौका देख भाग निकला। उसे भागते देख थाने में मौजूद चार होमगार्ड व दो चौकीदार भी गलियों में पकड़ने को दौड़े। होमगार्ड सर्वेश की जगह नीरज नाम के युवक को पकड़ कर थाने ले आए। गलत युवक को पकड़ने की जानकारी होने पर नीरज को तुरंत छोड़ दिया गया। कुछ देर बाद परिजनों ने सर्वेश को थाने ले जाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने दोनों भाइयों का शांतिभंग में चालान कर दिया। क्षेत्राधिकारी अमृतपुर राजवीर सिंह ने बताया कि मारपीट में दोनों को हिरासत में लिया गया था। थाने से कोई नहीं भागा। सर्वेश प्रार्थना पत्र लिखाने बाहर गया था।
मारपीट के मामलों में आठ गिरफ्तार
कमालगंज। थाना क्षेत्र के गांव भोजपुर निवासी कनौजीलाल, रामगोपाल की गांव के ही मंजीत, रंजीत, रनवीर सिंह व बलवीर सिंह से विवादित जमीन पर निर्माण कराने को लेकर मारपीट हो गई। शिकायत पर पहुंची पुलिस पांचों को गिरफ्तार कर थाने ले आई। वहीं शेखपुर निवासी अनमोल का पड़ोसी अरविंद से नाली से पानी निकालने को लेकर विवाद हो गया। पुलिस अनमोल को गिरफ्तार कर ले आई। नगला दाऊद निवासी जायद का नईमुद्दीन से पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। मारपीट की शिकायत पर पहुंची पुलिस दोनों को गिरफ्तार कर थाने ले आई। बाद में पुलिस ने सभी आठ लोगों का शांतिभंग में चालान कर दिया।