फर्रुखाबाद। अपनी बाइक के पास खड़े एक युवक को तेज रफ्तार बाइक सवारों ने टक्कर मार दी। इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सब्जी लेने गया बड़ा भाई उसे लोहिया अस्पताल ले गया, वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
आरोपी बाइक सवार मौके से भाग निकले। जहानगंज थाने के गांव वाहिदपुर निवासी विनय कुमार (22) अपने बड़े भाई मोहित के साथ बाइक से घर लौट रहा था। मोहित ने बरेली-इटावा हाईवे स्थित बघार पुलिया के पास सब्जी लेने के लिए सड़क किनारे बाइक रोककर विनय को खड़ा कर दिया। उसी समय तेज रफ्तार से निकले बाइक सवार दो युवकों ने विनय को टक्कर मार दी।
मौके पर पहुंचा मोहित उसे लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मोहित ने बताया कि देव सिंह, अखिलेश, सुरदीप और मनीष उसके छोटे भाई हैं। विनय की मौत से मां मोहिनी व पिता राजकुमार का रो-रोकर बुरा हाल है। शव मॉर्चरी में रखवाकर पुलिस को सूचना दी गई है। पुलिस ने रात में ही सीसीटीवी कैमरों की जांच की।