मृतक ओमवीर की मां को बेहोशी हालत में उठाकर ले जाते परिजन।
- फोटो : FARRUKHABAD
ट्रैक्टर से गिरकर युवक की मौत
शमसाबाद। श्रमिकों के साथ ट्रैक्टर में लगी मिक्सर मशीन पर बैठ कर जा रहे युवक की गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कंपिल थाना क्षेत्र के गांव भोगपुर निवासी रामवीर बुधवार सुबह ट्रैक्टर में लगी मिक्सर मशीन पर बैठकर शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव हसनापुर में लिंटर डालने जा रहा था। उसके साथ 20 वर्षीय छोटा भाई ओमवीर भी था। आठ और श्रमिक ट्रैक्टर व मिक्सर मशीन पर बैठे थे।
ट्रैक्टर गांव पसियापुर के पास पहुंचा। तभी अचानक ओमवीर सड़क पर गिर पड़ा। इससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उसे सीएचसी ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर परिजन भी पहुंच गए। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर ट्रैक्टर कब्जे में ले लिया है। ट्रैक्टर काकन नगला निवासी अनुज कुमार का बताया गया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की तो परिजनों ने विरोध कर दिया। कहा कि पहले ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए, उसके बाद पोस्टमार्टम कराएंगे। ओमवीर चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। मां विद्या देवी रो-रोकर बेहोश गई। उसका सीएचसी में इलाज हुआ। थानाध्यक्ष आरके रावत ने बताया कि ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।