फर्रुखाबाद। कायमगंज मार्ग पर अज्ञात वाहन ने एक युवक को टक्कर मार दी, जबकि रायपुर चौकी के सामने बाइक से गिरे सफाई कर्मी को रोडवेज की अनुबंधित बस ने कुचल दिया। दोनों को लोहिया अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।
नवाबगंज थाने के गांव मंझना निवासी रजत गंगवार (21) मंगलवार शाम मां से हांडी पनीर खाने की बात कहकर बाइक से निकला था। वह जब दलेलगंज के पास पहुंचा, तो तेज रफ्तार किसी वाहन ने टक्कर मार दी। मौके पर पहुंचे परिजन लोहिया अस्पताल लाए, जहां मृत घोषित कर दिया गया। वह हेलमेट नहीं लगाए था। दो भाइयों में छोटा था। बड़ा भाई हनी, बहन श्वेता, मां बीना व पिता दिलीप गंगवार का रो-रो कर बुरा हाल है।
वहीं, मऊदरवाजा थाने के गांव रेहा करनपुर निवासी संजीव बाल्मीकि (38) जरारी में सफाई कर्मी के पद पर तैनात है। वह देर शाम किसी की बाइक पर बैठकर शहर से गांव की ओर जा रहा था। जब रायपुर चौकी के पास पहुंचा, तो अचानक बाइक से सड़क पर गिर गया। उसी समय सामने से आई रोडवेज की अनुबंधित बस का पिछला पहिया उसके ऊपर चढ़ गया। चौकी का सिपाही गौरव उसे लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां मृत घोषित कर दिया गया। बाइक सवार मौके से भाग गया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया। पुलिस की सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंचे। वह दो भाइयों में छोटा था। बड़ा भाई रंजीत, पत्नी गीता बेहाल हैं। दोनों शव मोरचरी में रखवा दिए गए हैं।