जहानगंज। नौकरी के लिए दिल्ली जा रहे युवक की चलती ट्रेन से गिर जाने से मौत हो गई। देर रात परिजन शव को गांव ले आए। पांचाल घाट पर मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।
थाना क्षेत्र के गांव बरुआ नगला निवासी राजेश उर्फ गुड्डू ने बताया कि उसका बड़ा बेटा मृदुल (21) नोएडा में प्राइवेट नौकरी करता है। दीपावली की छुट्टी के बाद वह रविवार देर शाम कालिंदी से दिल्ली जा रहा था। रात करीब दो बजे उसके पास जीआरपी थाने से फोन आया। जीआरपी दरोगा ने बताया कि एक युवक चलती ट्रेन से हाथरस से कुछ किलोमीटर पहले गिर गया है। इससे उसकी मौत हो गई है। उसकी जेब से निकली डायरी में यह नंबर मिला है। जीआरपी दरोगा ने राजेश के व्हाट्सएप पर फोटो भेजा। फोटो देखकर शिनाख्त बेटे मृदुल के रुप में की। सूचना पर परिजन घटनास्थल पहुंचे। सोमवार देर रात परिजन बेटे के शव को गांव लेकर पहुंचे। मृतक दो भाई और दो बहन है। मृदुल भाई बहनों में सबसे बड़ा था। थानाध्यक्ष जितेंद्र पटेल ने बताया कि उन्हे मामले के बारे में जानकारी नहीं है। (संवाद)