कायमगंज। अलीगंज रोड स्थित कैशर खां अड्डे के पास रविवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई और बहनोई घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब तीनों लोग स्विमिंग पूल में छूट गया मोबाइल लेने के लिए बाइक से लौट रहे थे।
गांव कुबेरपुर निवासी साहिल उर्फ राजा (20) पुत्र आकिल, उसका छोटा भाई आजाद (12) और बहनोई कमालुद्दीन (26) निवासी बरा, कोतवाली मोहम्मदाबाद, रविवार दोपहर ढमढेरा स्थित एक स्विमिंग पूल में नहाने गए थे। नहाने के बाद लौटते समय बहनोई का मोबाइल वहीं छूट गया। जब यह याद आया तो राजा, आजाद और कमालुद्दीन बाइक से दोबारा मोबाइल लेने जा रहे थे।
कैशर खां के अड्डे के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों सड़क पर गिर पड़े। मौके पर ही राजा गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. विपिन ने राजा को मृत घोषित कर दिया। घायल कमालुद्दीन और आजाद का उपचार किया गया। दुर्घटना के बाद रोडवेज बस मौके से फरार हो गई। राजा की मौत से मां अफसाना बेगम और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
मंडी चौकी प्रभारी अवधेश सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि राजा मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।