फर्रुखाबाद। भैरों बाबा मंदिर में पूजा के दौरान हवन कुंड में युवक ने शराब डाल दी। आग युवक के कपड़ों में लग गई, इससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसे लोहिया अस्पताल से बड़े अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
मोहम्मदाबाद के मोहल्ला शास्त्रीनगर निवासी अमरीश कुमार (30) गंगा किनारे स्थित प्रसिद्ध भैरों मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे। बाबा को खुश करने के लिए अमरीश ने हवन कुंड में शराब की अहुति दी। शराब पड़ते ही आग भड़क गई। आग अमरीश के कपड़ों में लग गई।
अन्य लोगों ने आग बुझाई। भाई आकाश ने झुलसे अमरीश को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉ. अरिदमन सिंह ने रेफर कर दिया। भाई ने बताया कि पूजा के दौरान हवन में शराब डालने से आग भड़की थी।