क्वारंटीन सेंटर पर प्रसव पीड़ा से तड़पी महिला
कमालगंज। एचएसए डिग्री कॉलेज स्थित क्वारंटीन सेंटर पर मंगलवार रात दिल्ली से एक महिला अपने पति व दो बच्चों के साथ रोडवेज बस से पहुंची। बुधवार सुबह उसे प्रसव पीड़ा होने लगी। इस पर एंबुलेंस के लिए फोन किया गया लेकिन डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। इस पर महिला रोडवेज बस से पति के साथ घर चली गई।
महिला को प्रसव पीड़ा होने पर क्वारंटीन सेंटर पर मौजूद राजस्व कर्मी अभय त्रिवेदी ने स्वास्थ्य विभाग को जानकारी दी। डॉ. विकास पटेल ने टीम के साथ पहुंचकर महिला का परीक्षण किया। उन्होंने सीएचसी पर सूचना देकर एंबुलेंस भेजने को कहा। डेढ़ घंटे बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंची।
इस पर जिस बस से अन्य लोग घरों को भेजे जा रहे थे उसी में महिला बैठ गई। फर्रुखाबाद के भीखमपुरा निवासी पति ने फोन पर बताया कि वह पत्नी व दोनों बच्चों के साथ बस से जिला जेल चौराहे फतेहगढ़ उतर गया। वहां से टेंपो से घर आ गया। पत्नी को महिला डॉक्टर को दिखाया है।
पिता पुत्र को बुखार, नमूना देने भेजा
कमालगंज। स्पोर्ट्स गार्डन में तीन दिन पूर्व गुजरात से आए पिता पुत्र बुखार से पीड़ित थे। बुधवार को जांच के बाद एंबुलेंस से दोनों को बेवर रोड स्थित मेडिकल कालेज में नमूना देने के लिए भेज दिया गया। पिता की उम्र 35 व पुत्र की उम्र 12 वर्ष है।
राजेपुर में पास कम पड़े, आवश्यक सामग्री की समस्या
कमालगंज। राजेपुर सरायमेंदा गांव में फेरी लगाकर सामान बेचने के लिए दस लोगों के पास बनाए गए थे। लेकिन इनसे डोर-टू-डोर सामग्री पहुंचाने का कार्य ठीक से नहीं हो पा रहा है। प्रधान रिहाना बेगम के पति मो. नफीश ने स्वीकार किया कि गांव बड़ा होने से समस्या आ रही है।
कम से कम 25 लोगों के पास बनने चाहिए। गंगाइच गांव में ठेली वालों के पास बनाने के लिए 16 लोगों के आधार कार्ड की प्रति व फोटो भेजी गई थी लेकिन 11 पास ही बने। प्रधान का कहना है कि कम से कम 15 पास और बनाए जाने चाहिए।