कमालगंज। कस्बा के रेलवे तिराहे पर टेंपो से उतरी महिला बैग गाड़ी में ही भूल गई। टेंपो चालक ने थाने पहुंच बैग पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने महिला की तलाश कर उसे बैग वापस किया। बैग में जेवर, नकदी व कपड़े थे।
थाना क्षेत्र के गांव टड़ौआ निवासी बृजेश कुमार की पत्नी रामप्यारी रविवार दोपहर बच्चों के साथ हरदोई जिला स्थित मायके जाने को घर से निकली थी। वह खुदागंज से कस्बा की ओर आ रहे टेंपो पर सवार हो गई। नगर के रेलवे स्टेशन तिराहे पर टेंपो रुका तो वह उतर कर चली गई। वह अपना बैग टेंपो में ही भूल गई। कुछ समय बाद सवारी बिठाते समय टेंपो चालक जगदीश की बैग पर नजर पड़ी तो उसने इसकी सूचना होमगार्ड को दी।
चालक ने थाने पहुंच महिला का बैग पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने चालक के साथ महिला की तलाश शुरू की। महिला मुख्य मार्ग पर टेंपो को खोजते हुए मिली। पुलिस रामप्यारी को थाने लेकर आई और उसका बैग उसे सौंप दिया। महिला ने बैग खोल कर देखा तो उसमें एक सोने की चेन, एक जोड़ी पायल, पांच हजार रुपये व कपड़े रखे मिले। इस पर महिला ने पुलिस व चालक का धन्यवाद किया। इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि महिला को खोज उसका बैग दे दिया गया। ईमानदार चालक को सम्मानित कराया जाएगा।