फर्रुखाबाद। फर्रुखाबाद से कानपुर जा रही एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। पुलिस ने आसपास गांव के लोगों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। शिनाख्त नहीं होने पर शव को मोर्चरी में रखवा दिया।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव महरूपुर सहजू के सामने रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार की दोपहर लगभग 12 बजे फर्रुखाबाद से कानपुर जा रही एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से 40 वर्ष की महिला की मौत हो गई। महिला ने साड़ी पहन रखी थी। उसके पैर में चप्पल व एक पैर में पायल थी। राहगीरों की सूचना पर याकूतगंज चौकी इंचार्ज अनिल कुमार मौके पर पहुंचे।
उन्होंने भट्ठे के सामने रह रहे गांव के लोगों को मौके पर बुलाकर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। महिला की काफी देर तक शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस ने महिला के फोटो खींच कर सुरक्षित कर लिए। शव को मोर्चरी हाउस में रखवा दिया। चौकी इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। (संवाद)