जिला कंट्रोल रूम में निरीक्षण करते डीआईओएस नरेंद्र पाल सिंह।
- फोटो : जिला कंट्रोल रूम में निरीक्षण करते डीआईओएस नरेंद्र पाल सिंह।
फर्रुखाबाद। सॉल्वरों के पकड़े जाने के बाद से माध्यमिक शिक्षा विभाग यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर काफी सतर्कता बरत रहा है। उप जिलाधिकारी स्वयं जिला कंट्रोल रूम में बैठकर कंप्यूटर ऑपरेटरों पर निगाह रख रहे हैं।
हाईस्कूल हिंदी व गणित की परीक्षा में सात सॉल्वरों को पकड़े जाने के बाद से जनपद में यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक के साथ ही एसडीएम सदर सुबह ही जिला कंट्रोल रूम पहुंचकर सबसे पहले ड्यूटी पर लगे कंप्यूटर ऑपरेटरों को परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों पर नजर रखने के निर्देश दे रहे हैं।
एसडीएम तो पहली पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद ही कंट्रोल रूम से जाते हैं। मंगलवार को जिला कंट्रोल रूम से स्वराजवीर इंटर कॉलेज कमालगंज परीक्षा केंद्र पर एक कक्षा कक्ष की खिड़की खुली दिखाई दी। कंप्यूटर ऑपरेटर ने तुरंत केंद्र व्यवस्थापक को फोन कर खिड़की बंद करवाई।
डीआईओएस नरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि सॉल्वरों के पकड़े जाने के बाद से परीक्षा केंद्रों पर सख्ती और बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही जिला कंट्रोल रूम में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटरों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि सीसीटीवी कैमरे में जरा सी भी गड़बड़ी मिलने पर तुरंत केंद्र व्यवस्थापक को सूचित करें। एसडीएम भी परीक्षा शुरू होने से पहले जिला कंट्रोल रूम आ जाते हैं।