फर्रुखाबाद। नेकपुर गांव में मंगलवार की रात विवाद में पत्नी ने पति की दांतों से जीभ काट दी। परिजनों ने घायल को नर्सिंगहोम में भर्ती कराया, वहां डाक्टरों ने आपरेशन कर जीभ जोड़ी। सूचना पुलिस को नहीं दी गई।
थाना मऊदरवाजा के गांव नेकपुर खुर्द निवासी सिपाही लाल शाक्य (45) शहर के गंगानगर स्थित होटल में नौकरी करता है। मंगलवार की रात करीब नौ बजे सिपाही लाल घर पहुंचा तो पत्नी निशा (40) किसी बात को लेकर विवाद हो गया। शोरशराबा सुनकर ऊपर के कमरे से इनके बच्चे रीतू, शोभा, चंचल और बेटा आशिक आ गए। दंपति के बीच मारपीट होने लगी। बच्चों के अनुसार पत्नी ने सिपाहीलाल को गिरा दिया और उसके ऊपर बैठ कर जीभ दांतों से काट दी। आधी जीभ जमीन पर पड़ी थी। इससे बच्चों ने शोर मचा दिया।
शोर सुनकर सिपाहीलाल का छोटा भाई दिवारीलाल और परिवार के अन्य लोग आ गए। परिजनों ने सिपाहीलाल को नालामछरट्ठा स्थित नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। यहां ऑपरेशन किया गया। दिवारीलाल ने बताया कि निशा का उसके भाई सिपाहीलाल से आए दिन विवाद होता रहता है। उधर, निशा ने बताया कि पति ने उसके ऊपर गंभीर आरोप लगाए थे। इस बात को लेकर मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान मुंह में जीभ आ आने से कट गई।
उधर, डा. हरिदत्त द्विवेदी ने बताया कि सिपाहीलाल की जीभ जड़ से कट गई थी। जीभ का आपरेशन किया गया है। वह बोल पाएगा या नहीं, कहना मुश्किल है।