फर्रुखाबाद। सपा नेता जिला पंचायत सदस्य की पत्नी की गुरुवार को घर में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सपा नेता की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पर पहुंची बहनों ने शव मोर्चरी जाते समय सपा नेता को चप्पल लेकर दौड़ा लिया। जवाब में सपा नेता ने भी गाली गलौज किया। बहनों ने सपा नेता पर हत्या करने का आरोप लगाया। पैनल से हुए पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित किया गया।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जाफरी निवासी सपा नेता जिला पंचायत सदस्य उमेश यादव की पत्नी मोनिका यादव(25) की गुरुवार को घर में ही संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मौके पर पहुंचे कस्बा चौकी इंचार्ज ने मोनिका के मायके वालों को सूचना दी। इस पर जनपद कन्नौज के थाना तिर्वा के गांव रूरा निवासी मां सावित्री देवी अपनी पुत्री पूनम व अन्य चार पुत्रियों के साथ मौके पर पहुंचीं। शव को पोस्टमार्टम के लिए गाड़ी में रखा जा रहा था। तभी सावित्री देवी व उनकी पांचों पुत्रियां सपा नेता उमेश यादव पर मोनिका की हत्या करने का आरोप लगाकर जोर जोर से चिल्लाने लगीं। पत्नी की मौत से परेशान सपा नेता उमेश ने भी गाली गलौज की।
विज्ञापन
इस पर मोनिका की बहनों ने चप्पलें उतारकर सपा नेता को फतेहगढ़ कानपुर मार्ग पर दौड़ा लिया। उनके मित्रों ने बीच-बचाव कर सपा नेता को आगे भेज दिया। मां सावित्री देवी व बहन पूनम ने बताया कि दो वर्ष पहले मोनिका की शादी उमेश से हुई थी। मोनिका शनिवार को गांव रूरा में अपनी तीन माह की पुत्री के साथ घर गई थी और सोमवार को हंसी खुशी ससुराल वापस आई।
इसके बाद अचानक गुरुवार को पुत्री की मौत की खबर मिलने पर वे यहां पहुंचीं। उमेश ने कहा कि पत्नी की मौत से वह भी परेशान हैं। उन्होंने ही पुलिस को सूचना देकर पैनल से पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। कोतवाल जय प्रकाश पाल ने बताया कि मायका पक्ष तहरीर देगा तो जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।