फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ की याकूतगंज चौकी पुलिस ने बृहस्पतिवार को लाइनमैन की बाइक दुर्घटना मुआयने के लिए खड़ी करा ली। इससे नाराज कर्मचारियों ने याकूतगंज पुलिस चौकी की बत्ती गुल कर दी। इससे पुलिस चौकी में अंधेरा पसर गया। बाइक न छोड़ने पर बिजली कर्मचारियाें ने आंदोलन की भी चेतावनी दी है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव हुसैनपुर नौखंडा में बाइक की टक्कर से बालक के घायल होने के मामले में लाइनमैन धीरज के खिलाफ गत माह प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसके चलते बृहस्पतिवार को याकूतगंज चौकी पुलिस ने धीरज को चौकी पर बुलाकर बाइक खड़ी करा ली। कहा कि टेक्निकल मुआयना होना है।
कई बार कहने के बावजूद बाइक न छोड़ने पर संविदाकर्मी यूनियन संघ के जिलाध्यक्ष लाइनमैन विष्णुसिंह व अवर अभियंता अजीत कुमार भी चौकी पर पहुंचे। इसके बावजूद पुलिस ने बाइक नहीं छोड़ी। इससे नाराज बिजली कर्मचारियों ने याकूतगंज पुलिस चौकी पर करीब साढ़े तीन लाख रुपये बिजली बिल बकाया होने और अलग से केबल डालकर बिजली चोरी करने पर कनेक्शन काट दिया। इससे चौकी की बिजली गुल हो गई। इसके बाद बिजली कर्मचारी फतेहगढ़ कोतवाली पहुंचे। वहां भी कोई सुनवाई नहीं हुई।
यूनियन जिलाध्यक्ष विष्णु सिंह ने बताया कि लाइनमैन धीरज के भाई व पदाधिकारी सचिन के साथ मारपीट की गई। पुलिस की कार्यशैली से बिजली कर्मचारी परेशान हैं। शुक्रवार को याकूतगंज उपकेंद्र पर बिजली आपूर्ति बंद की जाएगी। इसके बाद आंदोलन किया जाएगा। चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि बिजली कर्मचारियों ने चौकी की लाइन काटकर बिजली आपूर्ति बंद कर दी है।