जहानगंज। पिछले एक पखवारे से अधिक दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड अब जान पर भारी पड़ने लगी है। मंगलवार सुबह शौच गए किसान की खेत में ही मौत हो गई। जबकि पांच वर्षीय बच्ची की सोमवार रात बुखार आने से तबीयत बिगड़ गई। सुबह इलाज को फर्रुखाबाद ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
क्षेत्र के गांव कंतला निवासी मुखराम (48) सुबह सात बजे घर से शौच के लिए खेतों की ओर निकले। काफी देर तक वापस घर न पहुंचने पर परिजन उन्हें ढूंढने निकले। काफी खोजबीन के बाद मुखराम खेत में बेहोशी हालत में पड़े मिले। इस पर परिजन उन्हें उठाकर स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए। तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। जानकारी पर पुत्र गुलाब सिंह, अनिल, पत्नी कमला देवी आदि परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने मुखराम के ठंड से मरने की आशंका जताई।
इसके अलावा गांव महरूपुर बीजल निवासी रिंकू नट की पांच वर्षीय बेटी मोनिका की रात में बुखार आने से तबीयत बिगड़ गई। वह सुबह स्थानीय चिकित्सक के पास गए। चिकित्सक ने ठंड लगने की जानकारी देने के साथ इलाज के लिए शहर ले जाने की सलाह दी। रिंकू अपनी बेटी को फर्रुखाबाद लेकर जा रहा था, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हालांकि शवों का पोस्टमार्टम कराए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया गया।