फर्रुखाबाद। कड़ाके की ठंड में मंगलवार शाम अपर जिलाधिकारी ने शहर का भ्रमण किया। इस दौरान फतेहगढ़ चौराहे व शहर के लालगेट पर अलाव जलते नहीं मिले। इस पर एडीएम ने नाराजगी जताते हुए ईओ नगरपालिका को तत्काल अलाव जलवाने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी विवेक श्रीवास्तव ने शाम को फतेहगढ़ के रैनबसेरे का निरीक्षण कर वहां रुके लोगों से जानकारी ली। इसके बाद चयनित स्थानों पर अलाव का जायजा लिया। फतेहगढ़ चौराहे पर काफी भीड़भाड़ होने के बावजूद अलावा नहीं जलाया गया था। इससे कुछ गरीब कूड़ा-करकट जलाकर हाथ सेंकते मिले। वहीं लालगेट पर भी अलाव नहीं जल रहा था। इस पर एडीएम ने नगरपालिका ईओ को फोन कर नाराजगी जताई। इसके साथ ही दोनों स्थानों पर तत्काल अलाव जलवाने के निर्देश दिए। उन्होंने चिह्नित सार्वजनिक स्थलों पर नियमित अलाव जलवाने की चेतावनी दी। एडीएम ने बताया कि रैनबसेरा में व्यवस्थाएं लगभग ठीक थीं।