फर्रुखाबाद। तेज हवा के साथ बुधवार रात दो बार हुई झमाझम बारिश से कई मोहल्लों की निचली गलियों में जलभराव हो गया। रोडवेज बस अड्डा के सामने काफी पानी भरने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ठेली खोमचे वाले रोडवेज की जगह में खड़े रहे। कई स्थानों पर पेड़ व होर्डिंग गिरने से हादसा टल गया।
बुधवार रात करीब 12 बजे हवा के साथ कुछ देर बारिश हुई। करीब ढाई बजे तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई। इसमें शहर के निचले मोहल्ले ढुइया, तलैया फजल इमाम, भीकमपुरा आदि की कई निचली गलियों में जलभराव हो गया। बीबीगंज नाले का पानी सड़क पर बहने लगा। इससे काफी कूड़ा एकत्रित हो गया। रोडवेज बस अड्डा के सामने फुटपाथ पर करीब 50 मीटर दूरी तक जलभराव होने से यात्रियों को निकलने में दिक्कत हुई।
हर रोज खड़े होने वाले ठेली खोमचे लगाने में दिक्कत हुई। लोग सड़क किनारे और बस अड्डा की जमीन पर खड़े दिखे। सेंट्रल जेल चौराहे के पास दो पेड़ गिर गए। इसके अलावा आवास विकास कालोनी, ठंडी सड़क पर होर्डिंग भी टूटकर गिर गए। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ।