बेवर रोड पर टूटी पड़ी पाइप लाइन। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। ओवरब्रिज निर्माण के लिए बेवर रोड पर कराई गई खोदाई में पाइप लाइन फट गई। इससे चार मोहल्लों के दो हजार घरों में पानी का संकट हो गया है।
भोलेपुर रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। बेवर रोड पर ओवरब्रिज को उतारने के लिए करीब सवा दो मीटर गहरी सड़क की खोदाई कराई जा रही है।
यह खोदाई जल निगम से एनओसी मिलने के बाद शुरू हुई। खोदाई के दौरान पानी की सप्लाई की पाइप फट गई। इससे नगला नैन, बेवर रोड, मस्जिद वाली गली और धोबी वाली में रहने वाले करीब दो हजार घरों की पानी सप्लाई बंद हो गई। इन घरों में पानी संकट हो गया है। सड़क निर्माण के ठेकेदार रामशरन पाल ने बताया कि जल निगम से एनओसी मिलने के बाद खोदाई शुरू कराई थी।
एनओसी में रोड क्रास पाइप लाइन न होने का जिक्र था। सड़क किनारे वाली पाइप लाइन खराब होने पर मरम्मत कराने के लिए 27 लाख रुपये जल निगम ने जमा कराए थे। शनिवार को जेसीबी से खोदाई के दौरान रोड क्रास निकली पाइप लाइन फट गई। इसकी जानकारी देने पर जल निगम के कर्मचारी आए पानी सप्लाई की पाइप को बंद किए बिना चले गए।