फर्रुखाबाद। जनपद में रिक्त चल रहे प्रधान के दो पदों के लिए मंगलवार को मतदान कराया गया। ग्राम पंचायत अभयपुर में 68.89 प्रतिशत व नगला सूदन में 47.39 प्रतिशत मतदान हुआ। ब्लाॅक कार्यालय में बनाए गए स्ट्रांग रूम में शाम मतपेटिका रखवाने के बाद उन्हें सील कर दिया गया।
आठ अगस्त को मतगणना के साथ परिणाम घोषित किया जाएगा। इसके अलावा ग्राम पंचायत सदस्य के 20 रिक्त पदों में 18 पर एक-एक नामांकन होने से सभी निर्विरोध निर्वाचित हो गए। कमालगंज की ग्राम पंचायत जहांगीरपुर व मोहम्मदाबाद की नैगवां में सदस्य के रिक्त एक-एक पद पर नामांकन न होने से फिर दोनों पद रिक्त रह गए। वहीं, मोहम्मदाबाद में क्षेत्र पंचायत के वार्ड नंबर 10 से निर्विरोध सदस्य निर्वाचित हुआ है।
ब्लाक क्षेत्र की ग्राम पंचायत अभयपुर में प्रधान पद के लिए मंगलवार को 68.89 प्रतिशत मतदान हुआ। अभयपुर बूथ पर 67 व दौलतपुर चिर्रा बूथ पर 71 प्रतिशत वोट डाले गए। ग्राम प्रधान नूर मोहम्मद के निधन से हुए उप चुनाव में अभयपुर गांव के तीन प्रत्याशी रामनोहर, बैजनाथ व देवेश सिंह मैदान में थे। यहां के बूथ पर 710 में 478 वोट डाले गए।
वहीं, दौलतपुर चिर्रा गांव के चंदन श्रीवास्तव व मोहम्मद सनी उम्मीदवार हैं। दौलतपुर के बूथ पर 537 में 381 वोट पड़े। दोनों बूथ मिलाकर 1247 में 859 वोट डाले गए। जोनल मजिस्ट्रेट रणवीर सिंह व सेक्टर मजिस्ट्रेट सुरेशचंद्र मौजूद रहे। कस्बे के रेलवे रोड स्थित ब्लाक कार्यालय में एसडीएम सदर रजनीकांत पांडेय व खंड विकास अधिकारी अमरेश सिंह चौहान ने स्ट्रांग रूम में दोनों बूथ की मतपेटिकाएं रखवाकर स्ट्रांग रूम सील कर दिया।
मोहम्मदाबाद ब्लाक क्षेत्र की ग्राम पंचायत नगला सूदन में प्रधान पद पर तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां कुल 1074 मतदाताओं में 509 ने मताधिकार का प्रयोग किया। कुल 47.39 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान के बाद मोहम्मदाबाद ब्लाक कार्यालय स्थित स्ट्रांगरूम में निर्वाचन अधिकारी डीपीओ सुनील कुमार श्रीवास्तव व बीडीओ त्रिलोक चंद्र शर्मा ने मतपेटिकाएं रखवाकर कक्ष सील कर दिया गया। गुरुवार को मतगणना होगी।