संवाद न्यूज एजेंसी
शमसाबाद। क्षेत्र के गांव खुड़ना धमगवां में पिछले दो वर्ष से रिक्त चल रहे राशन कोटा के चयन की मंगलवार को प्रक्रिया शुरू हाते ही ग्रामीणों ने विरोध कर दिया। पड़ोसी गांव से ही कोटा संबद्ध रहने का समर्थन किया। इससे कोटा चयन नहीं हो सका।
ग्राम पंचायत खुड़ना धमगवां निवासी लतीफ खान गांव के राशन कोटेदार थे। दो वर्ष पूर्व उन्होंने राशन कोटे की दुकान सरेंडर कर दी थी। तब से गांव का राशन कोटा गांव लहरा से संबद्ध है। एडीओ पंचायत राकेश बाथम की सूचना पर ग्राम प्रधान अमर सिंह ने मुनादी करवाकर ग्रामीणों को कोटा चयन प्रक्रिया की जानकारी दी। मंगलवार कोटेदार चयन के लिए चुनाव की तैयारी की गई।
ग्राम पंचायत सचिव मूलचंद, एडीओ ओमप्रकाश व ब्लॉक कर्मचारी मनीष चंद्र कोटा चयन के लिए गांव पहुंचे। इसी बीच वहां पहुंचे ग्रामीणों ने कोटा चयन प्रक्रिया का विरोध कर दिया। साथ ही गांव की राशन दुकान लहरा से ही संबद्ध रहने देने के लिए 161 ग्रामीणों के हस्ताक्षर कर प्रार्थनापत्र एडीओ पंचायत को सौंपा गया। एडीओ पंचायत ने बताया कोरम पूरा न होने से चुनाव नहीं हो सका। जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई है।