फर्रुखाबाद। जनपद में अपराधी विकास दुबे के करीबी लोगों के बारे में पुलिस की टीमें सुराग जुुटाने में लग गईं हैं। एसपी ने एसओजी समेत बार्डर के सभी थानों को हाईअलर्ट कर दिया है। खुफिया विभाग की टीम को पूरे जिले में चौकन्ना रहने के आदेश दिए हैं।
कानपुर के थाना चौबेपुर क्षेत्र में आठ पुलिसकर्मियों को मौत के घाट उतारने वाला विकास दुबे व उसके गिरोह के लोग भाग गए। विकास दुबे के जनपद में रहने वाले करीबियों के बारे में पुलिस की टीमें सुरागरशी करने में जुट गईं हैं। एसपी डॉ. अनिल मिश्रा ने एसओजी प्रभारी दिनेश गौतम समेत बार्डर के सभी थानेदारों को अलर्ट मोड में काम करने के आदेश दिए हैं।
सीमाओं पर चेकिंग अभियान शनिवार को भी चलता रहा। पुलिस संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की तलाशी लेकर ही जिले मेें प्रवेश करने की अनुमति दे रही है। पूरे जिले में सभी थाना क्षेत्रों में खुफिया विभाग की टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है। कोई भी सूचना मिलने पर तत्काल अधिकारियों को अवगत कराने के आदेश भी दिए गए हैं। उधर रात में भी जनपद की सीमाओं पर वाहनों की चेकिंग हुई।
कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र में हुई घटना के बाद आईजी मोहित अग्रवाल ने सभी थानेदारों को अपने वाहनों में बॉडी प्रोटेक्टर, बुलेटप्रूफ हेलमेट, डंडा व आधुनिक हथियार रखने के आदेश दिए हैं। बार्डर चेकिंग के दौरान इन सभी साधनों का प्रयोग करते रहने के आदेश दिए हैं। चेकिंग के दौरान बॉडी प्रोटेक्टर व बुलेटप्रूफ हेलमेट आदि का प्रयोग करने को भी कहा है।
कानपुर में मुठभेड़ में आठ पुलिस कर्मियों के शहीद होनेके बाद से राजनैतिक गलियारों में हलचल है। तीन पार्टियों के नेताओं से विकास दुुबे के संबंध हैं। ऐसे में नेता अपने मोबाइल बंद किए हैं कहीं फरारी में विकास उनको न फोन कर दे और वह भी पुलिस की गिरफ्त में आ जाएं। नाम न छापने की शर्त पर एक नेता ने बताया कि विकास की जिले में भी तूती बोलती रही।