फर्रुखाबाद। एक मंदिर पर कब्जा करने की सूचना पर पहुंचे विश्व हिंदू परिषद के नेताओं ने विरोध किया। इस पर कब्जा करने वालों से विवाद हुआ।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने निर्माण काम रुकवा दिया। उन्होंने पैमाइश करवाकर मंदिर को अवैध लोगों से कब्जा मुक्त कराने की बात कही।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव पचपुखरा में काफी पुराना मंदिर है। उसके आसपास लोगों ने कब्जा कर लिया है। इसकी सूचना मिलने पर रविवार दोपहर बाद विश्व हिंदू परिषद जिलाध्यक्ष मुकेश बाथम, महामंत्री अखिलेश मिश्रा, नगर मंत्री सिद्धार्थ सिंह, बजरंग दल के विभाग संयोजक अभिषेक शाक्य, सुजाता सिंह, संत शिवागिरी आदि लोग पहुंचे।
वहां मंदिर पर कब्जा करने को लेकर कुछ लोगों से विवाद शुरू हो गया। वहां रखे सामान को फेंक दिया गया। संत शिवगिरि ने बताया कि उनके बुजुर्गों की संपत्ति है। इस पर अराजकतत्व कब्जा कर रहे हैं। मंदिर की जगह में चारा मशीन लगा रखी है। विवाद की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
मुकेश बाथम ने बताया कि रविवार होने की वजह से जमीन की नापजोख नहीं हो सकी। वह शीघ्र ही जमीन की नापजोख करवाकर मंदिर को कब्जा मुक्त कराएंगे। थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मामूली विवाद है। उसे जांच के बाद सुलझा दिया जाएगा।