फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Farrukhabad News: धूल फांक रहे 1.25 करोड़ के वेंटीलेटर, रेफर होते मरीज

विज्ञापन
 फतेहगढ़ सीएचसी में रखे वेंटीलेटर। संवाद - फोटो : संवाद
विज्ञापन
फर्रुखाबाद। कोरोना के दौरान पीएम केयर फंड से खरीदे गए 1.25 करोड़ रुपये के 17 वेंटीलेटर कमरों में धूल फांक रहे हैं। अकेले लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी से रोजाना तीन-चार मरीज रेफर किए जा रहे हैं। ऐसे में जान बचाने की खातिर लोग निजी अस्पतालों में लाखों रुपये खर्च करने के लिए मजबूर हैं। जिम्मेदार पूरी तरह बेपरवाह हैं।
विज्ञापन

कोरोना की दूसरी लहर में प्रशासन ने 42 बेड का पीकू वार्ड तैयार किया था। सभी बेडों पर आक्सीजन लाइन, आधुनिक बेड, 42 कंसंट्रेटर और 12 वेंटीलेटर युक्त वार्ड तैयार हुआ था। इसके अलावा फतेहगढ़ सीएचसी में भी पांच वेंटीलेटर लगाए गए थे। इसके साथ कई सहयोगी मशीनें भी खरीद कर लगाई गईं लेकिन इस व्यवस्था का एक बार भी मरीजों को लाभ नहीं मिला। एक वेंटीलेटर लेटर की कीमत सवा सात लाख रुपये बताई जा रही है। ऐसे में सवा करोड़ रुपये की मशीनें धूल फांक रही हैं।
लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में हर रोज तीन से चार मरीजों को वेंटीलेटर की जरूरत बताकर रेफर कर दिया जाता। ऐसे में लोग आसपास निजी अस्पतालों में लाखों रुपये खर्च करने को मजबूर हो रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कीमती मशीनों का लाभ मरीजों तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं। सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार ने बताया कि कर्मचारियों की कमी से वेंटीलेटर सुविधा शुरू नहीं हो पा रही है। जल्द ही व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जाएंगी।
विज्ञापन

कोरोना के दौरान केंद्र सरकार के निर्देश आने के दौरान ही अफसरों की मौजूदगी में वेंटीलेटर का वार्ड खोला जाता रहा। उस समय प्रशिक्षित डॉक्टर काल्पनिक मरीजों का इलाज भी करते रहे, मगर अब करीब डेढ़ साल से वार्ड के ताले तक नहीं खोले गए। जबकि माॅकड्रिल करने वाले प्रशिक्षित डॉक्टर मरीजों के काम भी आ सकते थे।
लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में रखे पांच-छह कंसंट्रेटर को छोड़ दें तो अन्य सभी कबाड़ होने की स्थिति में हैं। इनकी ना तो सफाई हो रही और ना ही जरूरतमंद के काम आ रहे हैं। ऐसे में जनता के टैक्स का धन बेकार होता दिख रहा है।

फतेहगढ़ स्थित सीएचसी करीब दस वर्ष पूर्व चालू हो गई थी। 75 बेड के इस अस्पताल में अभी तक इमरजेंसी सेवा शुरू नहीं हो सकी है। जबकि कोरोना काल में इसे 100 बेड का एल-2 अस्पताल बनाया गया था। तभी यहां पांच वेंटीलेटर लगाए गए थे। पर यह वेंटीलेटर अभी तक किसी के काम नहीं आ सके हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें