फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ स्थित स्व. ब्रह्मदत द्विवेदी स्टेडियम में सांसद खेल महोत्सव 14 से 26 दिसंबर तक चलेगा। प्रतियोगिता में पूर्व के 1800 विजेता खिलाड़ी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। चयनित होने वाले प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
स्टेडियम में सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि जिला स्तर पर होने वाली सांसद खेल स्पर्धा में बालक, बालिका, महिला, पुरुष, दिव्यांगजन व वरिष्ठ नागरिकों को खेलने का मौका मिलेगा। रविवार से 13 दिसंबर तक क्रिकेट मैच होने के साथ 14 दिसंबर को उद्घाटन समारोह में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक मुख्य अतिथि होंगे। 26 दिसंबर को समापन समारोह में सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। खेल स्पर्धा में क्रिकेट, कबड्डी, कुश्ती, वॉलीबाल, एथलेटिक्स, मैराथन, खो-खो, बैडमिंटन, रस्साकशी खेल शामिल हैं। सांसद ने कहा कि खेल का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को भी मंच उपलब्ध कराना है। इससे खिलाड़ियों को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपना कौशल प्रदर्शन करने का मौका मिलता है। पूर्व में जिले के 6400 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, इनमें जीते हुए 1800 खिलाड़ियों को खेलने का फिर मौका मिलेगा। युवाओं को खेल से जोड़ना स्वस्थ समाज बनाना और राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने बताया जिला मंत्री अमरदीप दीक्षित को लोकसभा कोआर्डिनेटर बनाया गया है। पूर्व राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मिथिलेश अग्रवाल, गोपाल राठौर, जिला क्रीड़ा अधिकारी कर्मवीर सिंह यादव आदि मौजूद रहे। इसके बाद सांसद ने निर्माण दिवस पर जेएनवी तिराहे रोड स्थित आंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया गया।
सांसद से वार्ता के दौरान सवाल किया गया कि जिले में कई खेल विधाओं के कोच ही नहीं हैं। इससे खेल प्रतिभा को आगे कैसे बढ़ाया जाएगा। मोहम्मदाबाद क्षेत्र में साढ़े तीन करोड़ की लागत से बना मल्टीपर्पज हॉल कोच न होने से युवाओं के लिए तीन वर्ष से निष्प्रयोज्य है। इस पर सांसद ने कहा कि कोच की तैनाती कराने का भी प्रयास किया जाएगा।