फोटो-25, नेकपुर में फतेहगढ़-फर्रुखाबाद मुख्य मार्ग पर लगे जाम में फंसे वाहन।जागरूक पाठक
फर्रुखाबाद। त्योहारों की चहल-पहल के बीच शुक्रवार को जगह-जगह जाम की स्थिति बनी रही। शहर के मॉल और बाजारों में खरीदारी करने पहुंचे लोगों ने चार पहिया वाहन सड़कों पर तिरछे खड़े कर दिए, इससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
ठंडी सड़क, घुमना चौराहा, स्टेट बैंक गली, लोहाई रोड पर सबसे अधिक जाम देखा गया। वहीं बस स्टैंड से लेकर क्रिश्चियन इंटर कॉलेज तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम में फंसे लोगों को घंटों परेशान होना पड़ा। भीड़ और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। करीब एक घंटे तक चले भीषण जाम ने लोगों को बेहाल कर दिया। जाम लगने की सूचना पर पहुंची पुलिस जाम खुलवाने में व्यस्त रही।
बदायूं मार्ग पर कंपाइन मशीन पलटने से दो घंटे जाम
अमृतपुर। बदायूं मार्ग पर कंपाइन मशीन सड़क किनारे पलट गई। क्रेन से कंपाइन को उठवाने में करीब दो घंटे जाम में वाहन फंस रहे। सुबह बदायूं की ओर से राजेपुर की तरफ एक कंपाइन मशीन खंती में पलट गई। करीब तीन बजे के समय कंपाइन को क्रेन द्वारा बाहर निकला गया।
इस कारण बदायूं मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। जाम लगने से कई स्कूल बसें, अन्य राहगीर और वाहन करीब दो घंटे तक फंसे रहे। छोटे वाहन अलीगढ़ गांव से होकर कड़क्का बांध से होकर निकल गए। रोड से मशीन व क्रेन हटने के बाद यातायात शुरू सका है। (संवाद)