फोटो-17, राजेपुर कस्बा की टूटी सड़क पर फंसे ट्रक। संवाद
राजेपुर। बाढ़ के चलते कस्बे की सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क पर भारी वाहनों के फंसने से कस्बे में दो किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। ग्रामीणों ने गुणवत्ताविहीन सड़क निर्माण करने वालों पर कार्रवाई करने की मांग की।
कस्बे की सड़क एक ओर बदायूं, फर्रुखाबाद और दूसरी ओर इटावा-बरेली हाईवे 730 सी से मिलती है। इस राजेपुर-चित्रकूट डिप पर पानी भरने से इस मार्ग को बंद कर दिया गया। इसके बाद हाईवे से वाहनों को कस्बे से होकर गुजारा जा रहा है। सड़क पर बह रहे पानी और भारी वाहनों के दबाव के चलते सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। बृहस्पतिवार रात एक बजे कस्बे की सड़क पर तीन ट्रक आकर गड्ढों में फंस गए। इससे करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
ट्रक पलटने से बचाने के लिए बल्लियां लगाकर रोका गया। कस्बे के लोग बताते हैं कि इस सड़क पर प्रतिदिन 10-12 ट्रक फंस जाते हैं। क्रेन या जेसीबी की मदद से निकालने तक जाम लगा रहता है। सड़क टूटी देखकर जिलाधिकारी के आदेश पर पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता अंकित सिंह ने चार ट्रॉली ईंट के टुकड़े डलवा दिए। इससे दोपहिया वाहनों के निकलने में काफी दिक्कत हो रही है। जेई ने बताया कि बाढ़ के कारण पानी के तेज बहाव से खराब हुई सड़क की मरम्मत के बाद राजेपुर तिराहे से स्वास्थ्य केंद्र तक सीसी रोड का प्रस्ताव है। टूटी सड़क को शीघ्र बनवाया जाएगा।
ढाईघाट-अहमदगंज मार्ग टूटा नाव से हो रहा आवागमन
फोटो-18, ढाईघाट-कायमगंज मार्ग पर बिरिया डांडा के पास बाढ़ से कटी सड़क को नाव से पार करते लोग। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
शमसाबाद। बाढ़ के तेज बहाव के चलते ढाईघाट अहमदगंज मार्ग करीब 30 मीटर तक कट गया। सड़क कट जाने से यहां के वाशिंदों के लिए नाव ही सहारा बचा है। ढाईघाट मार्ग से अहमदगंज कायमगंज मार्ग, बिरिया डांडा गांव के पास बाढ़ के चलते तेज बहाव से कट गया। धीर-धीरे कट रहा मार्ग बीच से पूरी तरह से कटकर अलग हो गया। राहगीर जब यहां से गुजरे तो सड़क कटने की जानकारी हुई। ग्रामीणों ने अधिकारियों को सड़क कटने की सूचना दी। इसके बाद यहां यातायात बंद कर दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि 30 मीटर का यह सफर करने में काफी दिक्कत हो रही है। तेज बहाव के चलते शुक्रवार सुबह एक नाव पलटने से बच गई। नाव में करीब 23 लोग सवार थे। (संवाद)