प्राथमिक विद्यालय फतेहगढ़ की सहायक अध्यापिका ने उपस्थित पंजीका में तीन दिन एडवांस मेें हस्ताक्षर कर दिए। इसकी जानकारी नगर शिक्षाधिकारी को उस समय हुई, जब वह शनिवार को विद्यालय बंद होने से पहले निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने रजिस्टर को सील कर शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को रिपोर्ट भेजी है।
प्रभारी नगर शिक्षा अधिकारी सुमित वर्मा शनिवार को छुट्टी होने से पहले फतेहगढ़ जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के पास में संचालित प्राथमिक विद्यालय फतेहगढ़ में निरीक्षण करने पहुंचे। यहां उन्होंने शिक्षकों के उपस्थित पंजीका का निरीक्षण किया
। इसमें सहायक अध्यापिका दीप्ती मिश्रा के हस्ताक्षर 20 नवंबर रविवार की तारीख में पाए गए और उसको बाद में काट दिया गया। इसके बाद 21 और 22 नवंबर की तारीख में भी हस्ताक्षर कर दिए गए। एडवांस हस्ताक्षरों वाली तारीख को प्रभारी नगर शिक्षा अधिकारी ने काले पेन से गोला बना दिया।
प्रभारी नगर शिक्षा अधिकारी सुमित वर्मा ने बताया कि शिक्षिका के खिलाफ तीन दिन की वेतन कटौती किए जाने के संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को रिपोर्ट भेजी है।