अमृतपुर (फर्रुखाबाद)। गांव हूसा नगला का निरीक्षण करने गए सीडीओ ने रास्ते पर बनी नांद और खूंटे तुड़वा दिए। क्षतिग्रस्त सड़क की धनराशि चार पशुपालकों, ग्राम पंचायत सचिव ओर मनरेगा के तकनीकी सहायक से वसूलने के निर्देश बीडीओ को दिए। खजुरिया में भी सड़क पर बनीं नांदें और खूंटे तुड़वा दिए।
सीडीओ डॉ. राजेंद्र पैंसिया ग्राम पंचायत हूसा नगला के कलेक्टरगंज पहुंचे थे। गांव मे जगह-जगह कूड़े के ढेर और नालियां गंदगी से पटीं थीं। एक सड़क पर नादें बनाकर खूंटे में पशु बंधे मिले। इससे सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। सीडीओ ने नादें और खूंटे तुड़वा दिए। पानी से सड़क की सफाई कराई।
सीडीओ ने श्रीप्रकाश उपाध्याय से कहा कि क्षतिग्रस्त सड़क की धनराशि चारों ग्रामीणों के अलावा ग्राम पंचायत सचिव और मनरेगा के तकनीकी सहायक से वसूला जाए। मनरेगा एपीओ गौरव कुमार से दिव्यांगों और कमजोर लोगों को मेट बनाने के निर्देश भी दिए। अमृतपुर ग्राम पंचायत के मजरा खजुरिया में भी सड़क पर पशु बंधे मिले। वहां भी नांद व खूंटे तुड़वा दिए।
प्राथमिक विद्यालय की जमीन पर कब्जे की शिकायत पर लेखपाल को पैमाइश कराने के निर्देश दिए। पंचायत सचिव से ब्लैकबोर्ड खरीद कर स्कूल में लगवाने के लिए कहा। प्रधानाध्यापक अमित कुमार और शिक्षक दीक्षा एप, प्रेरणा एप, निष्ठा के बारे में जानकारी नहीं दे पाए। सीडीओ ने सभी को पांच मार्च को अपने कार्यालय तलब किया है। गांव के आयुर्वेदिक अस्पताल में डॉ. शैफाली भदौरिया उपस्थित नहीं थीं।
सफाई कर्मचारी सुनीता दवा बांट रहीं थीं। प्राथमिक विद्यालय तौफीक की मड़ैया में प्रधानाध्यापिका बच्चे को गोद में लिए प्रांगण में खड़ी थी। शिक्षण कार्य न कराने पर सीडीओ ने विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी। स्कूल में कायाकल्प के काम पूरे कराने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण में एडीओ पंचायत अजीत पाठक, निवर्तमान प्रधान प्रबल प्रताप सिंह भी साथ रहे।