पूर्व सांसद धनंजय सिंह को कोर्ट में किया था समर्पण
- फोटो : prayagraj
बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह को नैनी जेल प्रयागराज से फतेहगढ़ सेंट्रल जेल स्थानांतरित कर दिया गया है। गुरुवार को उन्हें नैनी जेल से फतेहगढ़ के लिए भेज दिया गया है। जनपद की सीमा पर फतेहगढ़ कोतवाल जयप्रकाश पाल समेत कई थानों की पुलिस बाहुबली को सुरक्षा में लाने के लिए पहुंच गई है। इधर सेंट्रल जेल फतेहगढ़ में भी फोर्स तैनात कर दिया गया है। बताया गया है कि शाम 5.30 बजे तक सेंट्रल जेल धनंजय सिंह के पहुंचने की उम्मीद है।
लखनऊ के चर्चित अजीत सिंह हत्याकांड के मामले में पूर्व सांसद पर साजिश रचने का मुकदमा दर्ज है। इस मामले में गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद धनंजय ने एक पूर्व मामले में अपनी जमानत खारिज कराकर बीते शुक्रवार को प्रयागराज के एमपी-एमएलए कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। जहां से उन्हें नैनी जेल में भेज दिया गया था।
मऊ के पूर्व उप ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह की लखनऊ में हुई हत्या में धनंजय सिंह का नाम साजिशकर्ता के रूप में पुलिस ने शामिल किया है। इस मामले में उन्हें पूछताछ के लिए नोटिस भी दी गई थी, मगर उपस्थित न होने पर कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी कर दिया।
बाद में पुलिस ने उन पर 25 हजार का इनाम भी घोषित किया। इसके अगले ही दिन धनंजय सिंह प्रयागराज की एमपी-एमएलए कोर्ट में एक पुराने मामले में हाजिर हो गए थे। प्रयागराज की एमपी-एमएलए कोर्ट से पूर्व सांसद धनंजय सिंह 14 दिन के लिए सेंट्रल जेल नैनी भेज दिया गया था। बाहुबली पूर्व सांसद पर ढाई दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। इसमें ज्यादातर लखनऊ के ही मामले हैं। हालांकि दस से अधिक मामलों में कोर्ट की ओर से फैसला भी आ चुका है, जिसमें उन्हें दोषमुक्त करार दिया जा चुका है।