फर्रुखाबाद। ग्रामीण क्षेत्रों के पुराने तीन विद्युत उपकेंद्रों का लोड कम करने के लिए आठ साल से बन रहे नए उपकेंद्रों का काम अभी तक पूरा नहीं हो सका है। आधी अधूरी लाइन बनने पर ही दो उपकेंद्र चालू कर दिए गए। आए दिन कोई न कोई समस्या आने से ये बंद हो जाते हैं। पुराने उपकेंद्रों से गांवों को बिजली दी जाती है। विभागीय अधिकारियों की लापरवाही से इस बार फिर बिजली संकट से किसानों को जूझना पड़ सकता है।
गर्मी में बिजली की खपत बढ़ने से कमालगंज, जहानगंज और भूड़नगरिया विद्युत उपकेंद्र ओवरलोड हो जाते हैं। फाल्ट बढ़ने से गांवों में बिजली संकट हो जाता है। कमालगंज के उपकेंद्र का लोड कम करने के लिए गांव पाहला, जहानगंज उपकेंद्र का लोड कम करने के लिए नौगमा और भूड़नगरिया उपकेंद्र का लोड कम करने के लिए संकिसा में नए विद्युत उपकेंद्र का निर्माण 2014 में शुरू कराया गया था।
संकिसा और नौगमा विद्युत उपकेंद्र का भवन बनने के बाद ट्रांसफार्मर और मशीन लगा दी गईं। आधी अधूरी विद्युत लाइन बने दोनों उपकेंद्रों को चालू कर दिया गया। भूड़नगरिया का संकिसा और जहानगंज उपकेंद्र का नौगमा उपकेंद्र से कुछ गांव जोड़े गए। आए दिन विद्युत लाइनों में कोई न कोई कमी होने से नए विद्युत उपकेंद्र ठप रहते हैं और पुराने उपकेंद्रों से जोड़कर गांवों को बिजली दी जाती है।
इससे पुराने उपकेंद्रों का लोड कम नहीं हो पा रहा है। पाहला गांव में आठ साल में उपकेंद्र का भवन बनकर ट्रांसफार्मर लग गया है। अन्य मशीनें नहीं लगी हैं। नए उपकेंद्रों की 33 व 11 केवी लाइन बनाने का काम अभी तक शुरू नहीं कराया गया है। इससे कमालगंज उपकेंद्र का लोड कम नहीं हो सका है। गर्मी में ओवरलोड होने से ग्रामीणों को बिजली संकट का सामना करना पड़ सकता है।
ये काम हैं अधूरे
संकिसा विद्युत उपकेंद्र की 33 केवी लाइन, ग्रामीण फीडर की विद्युत लाइन अभी तक नहीं बनी है। नलकूप फीडर की सिर्फ लाइन बनने पर विधायक से उद्घाटन कर चालू करा दिया गया था। कुछ दिन पहले उपकेंद्र की मशीनें और ट्रिपिंग सिस्टम जल गया था। इससे उपकेंद्र बंद पड़ा है। नीबकरोरी उपकेंद्र से नलकूप की लाइन जोड़ कर बिजली दी जा रही है। नौगमा उपकेंद्र का टाडा बहरामपुर फीडर की 11 केवी लाइन अभी तक नहीं बनाई गई, भवन में गेट नहीं लगा है। जहां तार क्रास हैं वहां सुरक्षा जाली नहीं लगाई है। बहोरिकपुर, नौगमा व रानूखेड़ा फीडर की लाइन में कई जगह अधूरी बनी है।
यह काम विद्युत निगम का निर्माण खंड करा रहा है। कार्यदायी संस्था को अधूरा काम जल्द पूरा करने और पाहला उपकेंद्र का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। -सुरेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत ग्रामीण खंड।